दुनिया का पहला विज्ञान आधारित रियलिटी शो — 15 जून 2023 से। विज्ञान घर सीजन 3 इंद्रप्रस्थ इंजीनियरिंग कॉलेज साहिबाबाद में होगा। विज्ञान गुरु के अनुसार इसमें पुरानी भारतीय वैज्ञानिक सांस्कृतिक परंपरा के साथ आधुनिक विज्ञान का सामंजस्य होगा।

गाजियाबाद, साहिबाबाद। प्रगति विज्ञान संस्था द्वारा दुनिया के सबसे पहले विज्ञान आधारित रियलिटी शो "विज्ञान घर" सीजन 3 का आयोजन औद्योगिक क्षेत्र साइट-4 साहिबाबाद स्थित इंद्रप्रस्थ इंजीनियरिंग कॉलेज में होगा। विज्ञान गुरु दीपक शर्मा ने बताया कि यह आयोजन दो स्थानों पर होगा — 15 से 20 जून तक इंद्रप्रस्थ इंजीनियरिंग कॉलेज में और 21 से 23 जून तक हल्द्वानी के एमआईईटी कॉलेज में बेस कैंप रहेगा। 21 जून को मड थेरेपी और पृथ्वी की परिधि मापने का रियल प्रयोग, 22 व 23 जून को नेचर वॉक और देवस्थली आर्यभट खगोल वेधशाला का भ्रमण होगा। 24 जून को समापन व विजेता की घोषणा होगी।
10 दिन के लिए देशभर से चयनित 20 विज्ञान में रुचि रखने वाले युवा वैज्ञानिक विज्ञान घर में रहेंगे। इस दौरान इनका बाहरी दुनिया से किसी प्रकार का संवाद नहीं होगा। युवा हर रोज़ कोई न कोई विज्ञान प्रयोग या देश-दुनिया की समस्याओं का विज्ञान की मदद से समाधान ढूँढने की कोशिश करेंगे। "विज्ञान पुत्रों" की घोषणा प्रतिदिन की जाएगी और आखिरी दिन फाइनल विजेता की घोषणा होगी।
विज्ञान घर का उद्देश्य: विज्ञान सीखने व उसके उपयोग की प्रक्रिया को आसपास के परिवेश से जोड़ना; प्राकृतिक जिज्ञासा व सृजनात्मकता को विकसित करने का अवसर देना; औपचारिक शिक्षा व्यवस्था में अनौपचारिक सार्थक हस्तक्षेप; युवाओं में वैज्ञानिक विधि से कार्ययोजना बनाकर परिणाम तक पहुँचने की प्रवृत्ति विकसित करना; और आम जनमानस में वैज्ञानिक समझ विकसित करना।
कौन हैं विज्ञान गुरु — दीपक शर्मा: एशिया के पहले व एकमात्र अध्यापक जिन्हें 2010 में फ्रांस के टोलूज़ शहर में यूरोपियन साइंस मीट में आमंत्रित किया गया; दुनिया का पहला विज्ञान आधारित रियलिटी शो "विज्ञान घर" आयोजित करने वाले और उसके पहले विज्ञान गुरु; एक छड़ की परछाईं से पृथ्वी की परिधि मापने जैसे रियल प्रयोग को 2005 से भारत में लोकप्रिय बनाने वाले; तथा बच्चों में विज्ञान लोकप्रियकरण के लिए दो राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त करने वाले शिक्षक। वे पिछले 33 साल से मेरठ के कॉलेज में विज्ञान अध्यापक हैं।
